जनपद एटा के बाबरपुर में गंदगी का अंबार, मुख्य मार्ग पर कीचड़ से ग्रामीण बेहाल
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
अवागढ़/एटा।
विकास खंड अवागढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाबरपुर में गंदगी और कीचड़ की समस्या ने ग्रामीणों का जीना दुश्वार कर दिया है। गांव के मुख्य बाईपास खड़ंजे पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है, जिसके कारण रास्ते पर अत्यधिक कीचड़ जमा हो गया है। इस मार्ग से होकर गुजरना ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कीचड़ में फिसलने के कारण कई बाइक सवार ग्रामीण घायल भी हो चुके हैं। खेतों की ओर आने-जाने वाले किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि हाल ही में एक किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान का पुआल (चारा) भरकर गांव ला रहा था, तभी कीचड़युक्त मार्ग पर ट्रैक्टर फिसल गया और पलटने से बाल-बाल बचा। वाहन के फंस जाने से मार्ग पर आवागमन घंटों बाधित रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता लंबे समय से खराब पड़ा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक कोई सुधार कार्य नहीं कराया गया। पशुओं के लिए चारा लाने से लेकर खेतों तक जाने का यही एकमात्र मार्ग है, जो अब कीचड़ में तब्दील हो चुका है।
ग्रामीणों रूसी ठाकुर, बिष्णु शर्मा, भानू ठाकुर, सहजाद खां, महाबीर, राजकुमार, शीलेंद्र सिंह, सकील खां, इरशाद खां, रक्षपाल सिंह समेत अन्य लोगों ने गंदगी और कीचड़ की समस्या पर कड़ी नाराजगी जताते हुए शासन-प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।












