कारागार सिद्धार्थनगर में भावनात्मक माहौल में मनाया गया भैयादूज का पर्व

जिला कारागार सिद्धार्थनगर में भावनात्मक माहौल में मनाया गया भैयादूज का पर्व

संवाददाता – नवल किशोर मिश्रा: जिला कारागार सिद्धार्थनगर में आज भैयादूज का पर्व श्रद्धा, स्नेह और भावनाओं से भरे माहौल में मनाया गया। यह अवसर बंदी भाइयों और मिलने आई बहनों के लिए अत्यंत हर्ष और संवेदना का क्षण बना।

कारागार प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 315 महिलाएं अपने बंधक भाइयों से मिलने कारागार पहुंचीं। प्रशासन की ओर से सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी, जिसके तहत बहनों ने अपने भाइयों का तिलक किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कारागार परिसर को इस अवसर पर सादगीपूर्ण ढंग से सजाया गया था। बहनों के स्वागत हेतु जलपान, प्रतीक्षा स्थल और बैठक व्यवस्था की विशेष तैयारियां की गईं। प्रशासन ने मुलाकात के समय को भी बढ़ाया ताकि सभी बहनें शांति और स्नेहपूर्वक अपने भाइयों से मिल सकें।

महिला बैरक में भी भैयादूज का पर्व पारंपरिक विधि-विधान से मनाया गया। बंदिनी बहनों ने भगवान श्रीगणेश और यमराज की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।

कारागार अधीक्षक श्री सचिन वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि “भैयादूज प्रेम, अपनत्व और संस्कारों का प्रतीक है। यह पर्व हमें पारिवारिक मूल्यों को सहेजने और समाज में मानवीय संबंधों की गरिमा को बनाए रखने की प्रेरणा देता है। आज यहाँ 315 बहनों का अपने भाइयों से मिलना इस बात का प्रमाण है कि प्रेम की डोर किसी दीवार से नहीं टूट सकती।”

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे पर्व बंदियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और भावनात्मक संतुलन लाते हैं। इससे उनमें समाज से पुनः जुड़ने और सुधार की भावना प्रबल होती है।

इस स्नेहिल अवसर पर जेलर श्री रामसिंह यादव, डिप्टी जेलर श्री महेश सिंह, डिप्टी जेलर श्री अजीत चंद एवं प्रभारी अभिषेक कुमार पाण्डेय सहित समस्त कारागार स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने बहनों और भाइयों को शुभकामनाएं देते हुए मिठाई वितरण किया।

श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन पूज्य व्यास जी बोले — माता-पिता की सेवा ही सर्वोच्च धर्म

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें