अलीगंज में रोडवेज बस स्टैंड पर मारपीट
संवाददाता मुकेश कुमार
सीट विवाद में दो युवक गंभीर घायल, दिल्ली जा रहे थे, घर वालों ने हंगामा किया
एटा जिले के अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड पर शुक्रवार देर रात सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, विजयदेपुर अलीगंज निवासी शिवा (27) पुत्र साधु और अजीत (32) पुत्र श्याम बाबू दिल्ली जाने के लिए बस में सवार हो रहे थे। बस में कुछ अज्ञात यात्रियों से सीट पर बैठने को लेकर उनका विवाद हो गया, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया। एक पक्ष की ओर से आए लगभग आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने दोनों युवकों को लाठी-डंडों से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने भी घटनास्थल का दौरा किया और घायलों से जानकारी जुटाई। इस दौरान घायलों के परिजनों ने हंगामा किया, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने समझा-बुझाकर शांत कराया और घर भेजा। रात भर रोडवेज बस स्टैंड पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त करती रही। घायल अजीत ने बताया कि दिल्ली जाते समय सीट को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने मारपीट की, और यह घटना किसी दरोगा की मौजूदगी में हुई।
घायल अजीत के भाई रंजीत राजपूत ने बताया कि अजीत और दूसरा व्यक्ति दिल्ली में गैस पाइपलाइन कंपनी में काम करने जा रहे थे। उन्होंने जहानपुर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इलाज दे रहे चिकित्सक ने बताया दो घायलों को इलाज के लिए लाया गया था। दोनों को उपचार दिया गया है। अजीत की हालत ठीक है। शिवा की हालत गम्भीर है हायर सेंटर रेफर किया गया है।












