एटा में घरेलू विवाद के बाद युवक ने खाया जहर: नगला इमलिया निवासी की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। जनपद के पिलुआ थाना क्षेत्र के नगला इमलिया गांव में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, नगला इमलिया निवासी रुकुमपाल (38) पुत्र रामवीर ने मंगलवार सुबह घर पर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। बताया गया कि घटना के समय वह नशे की हालत में था। परिजनों ने उसे तुरंत अर्ध बेहोशी की स्थिति में एक निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज, एटा के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया। रुकुमपाल के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि रुकुमपाल ने सुबह शराब पी थी, जिस पर परिवार के सदस्यों ने उसे डांटा था। इसी बात से नाराज होकर उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया।
इस संबंध में जब पिलुआ थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी अभी तक थाने में नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस को सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिवारजन रुकुमपाल की हालत को लेकर चिंतित हैं, जबकि डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।












