फरीदाबाद से लौटते समय हादसा: सादाबाद में बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौके पर मौत
संवाददाता अश्विनी कुमार
हाथरस। जिले के सादाबाद कस्बे में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक फरीदाबाद से अपने गांव लौट रहा था, तभी उसकी बाइक आगरा रोड पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कोतवाली सहपऊ क्षेत्र के गांव सिखरा निवासी 43 वर्षीय देवेश पुत्र गोकुल चंद्र के रूप में हुई है। देवेश फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और शुक्रवार रात वह अपनी बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान सादाबाद कस्बे के आगरा रोड पर अचानक बाइक डिवाइडर से टकराकर फिसल गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देवेश को गंभीर सिर की चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। मृतक के पास से भाई की शादी के निमंत्रण पत्र मिलने पर उसकी पहचान हो सकी। देवेश के भाई की शादी 18 दिन बाद होनी थी, लेकिन उससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। देवेश अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बच्चे को छोड़ गया है। गांव में उसकी मौत की खबर से शोक की लहर दौड़ गई है।












