बिहार ब्लॉक के अवतारपुर में भगवान परशुराम जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा क्षेत्र
संवाददाता बृजेंद्र शर्मा
कुंडा/प्रतापगढ़। बिहार ब्लॉक अंतर्गत अवतारपुर ग्राम सभा स्थित मंगलेश्वर नाथ धाम से भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा एवं ग्रामीण भगवा ध्वज के साथ शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। यह भव्य शोभायात्रा मंगलेश्वर नाथ धाम से प्रारंभ होकर अवतारपुर, बिहार बाजार होते हुए सक्करदहा मोड़ तक पहुंची। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूरे रास्ते “जय परशुराम” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और पूरा क्षेत्र भगवामय दिखाई दिया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवा वस्त्र एवं ध्वज के साथ भगवान परशुराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते नजर आए। आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य लोग, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। लोगों ने भगवान परशुराम के आदर्शों एवं संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।












