शॉर्ट सर्किट से बिजली के पोल में लगी भीषण आग, समय रहते टली बड़ी दुर्घटना।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जनपद में शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वीरांगना अवन्तिबाई लोधी स्वशासी मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित बिजली के पोल में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग लगते ही पोल से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह स्थान जीटी रोड के डाकबंगालिया क्षेत्र में स्थित है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली के पोल से अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें तारों और पोल के आसपास फैलने लगीं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने पहले बिजली आपूर्ति को बंद कराया, उसके बाद आग बुझाने का कार्य शुरू किया। समय पर की गई कार्रवाई से मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास की दुकानों व वाहनों को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
इस घटना के बाद विद्युत विभाग को भी सूचित किया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुराने और जर्जर बिजली के पोल व तारों की जल्द जांच कर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।












