मुख्य विकासअधिकारी,भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में सीएम युवा योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई संपन्न
समवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा


गौतमबुद्धनगर 12 जून 2026,मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक (एजीएम), जिला स्तरीय बैंकिंग अधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सहायक आयुक्त उद्योग वत्स द्वारा योजना की प्रगति से मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया निरंतर संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ बैंकों की प्रगति निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नहीं है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली इस महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी बैंक अपने निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है, इसलिए लक्ष्यपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजना की नियमित समीक्षा करने तथा बैंक एवं विभागीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से लाभान्वित कर जनपद में उद्यमिता एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जाए बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक (एजीएम), उद्योग विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
गौतमबुद्धनगर।












