करेली से उठी जनजागरण की नई लहर: 53 महिलाओं समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने थामा संगठन का हाथ, जनअधिकारों की लड़ाई को मिली नई ताकत
जल, जंगल, जमीन और छत्तीसगढ़ की अस्मिता बचाने गांव-गांव पहुंच रहा संगठन, युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने दिखाई ऐतिहासिक भागीदारी
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा/बेरला। छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता महाअभियान को ग्राम करेली में जबरदस्त जनसमर्थन मिला। आयोजित बैठक एवं सदस्यता अभियान में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए संगठन की विचारधारा पर भरोसा जताया और जनअधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक में जल, जंगल, जमीन, स्थानीय रोजगार, ग्रामीण अधिकारों और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण हितों की रक्षा के लिए संगठित जनशक्ति ही सबसे बड़ा माध्यम है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाकर आम जनता को संगठन से जोड़ा जा रहा है। सदस्यता अभियान के दौरान 53 नारीशक्ति दीदियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं, किसानों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण कर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प लिया। ग्रामीणों के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में जनअधिकारों और स्थानीय मुद्दों को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष निलेश साहू, शहर अध्यक्ष सूर्या सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष गजेंद्र निषाद, युवा क्रान्ति सेना जिला अध्यक्ष पुरेंद्र साहू, जिला संयोजक खेमराज साहू, जिला महामंत्री राहुल यादव, महिला क्रान्ति सेना जिला अध्यक्ष सुषमा दीदी, प्रीति दीदी, कुबेर साहू, गोपी निषाद, खेमू साहू एवं जिला मीडिया प्रभारी ढालेंद्र साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित जनसमूह ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, स्थानीय अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने तथा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में नवसदस्यों का स्वागत करते हुए सदस्यता अभियान को और अधिक तेज गति से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।












