बालकनी में टहलते वक्त हुआ हादसा, तीसरी मंजिल से गिरकर 43वीं पीएसी का कॉस्टेबल गंभीर घायल
संवाददाता – धर्मेंद्र चौहान, एटा

एटा। 43वीं पीएसी बटालियन में तैनात 28 वर्षीय कॉस्टेबल जगदीश गोला शुक्रवार को एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि वह बटालियन परिसर स्थित आवास की बालकनी में टहल रहे थे, इसी दौरान अचानक पैर फिसल गया और वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़े।
हादसे के बाद पीएसी परिसर में हड़कंप मच गया। साथी जवानों और अधिकारियों ने तुरंत घायल कॉस्टेबल को एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के मारहरा रोड स्थित 43वीं पीएसी बटालियन परिसर की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और पीएसी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
फिलहाल कॉस्टेबल जगदीश गोला का इलाज उच्च चिकित्सा केंद्र में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।












