गुटखा मांगने को लेकर विवाद में चली गोली, लाइसेंसी पिस्टल के साथ थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा आरोपी गिरफ्तार
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में थाना सूरजपुर पुलिस ने फायरिंग की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की एक लाइसेंसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को थाना सूरजपुर क्षेत्र के ग्राम खेड़ी में रहने वाला सुरेंद्र तोंगड़ अपने पड़ोसी उदय प्रताप गुर्जर (52 वर्ष) की दुकान पर गुटखा लेने पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी सुरेंद्र ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उदय प्रताप पर फायर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार घायल के आंतरिक अंग सुरक्षित हैं तथा उसकी स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र तोंगड़ (43 वर्ष), निवासी ग्राम खेड़ी, थाना सूरजपुर, को दादरी-रूपबास बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कराने की वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।इस संबंध में थाना सूरजपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 439/2026, धारा 109/352/351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।












