श्रावण और कांवड़ यात्रा को लेकर रिजोर में प्रशासन सतर्क, पीस कमेटी बैठक के बाद कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एटा पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना रिजोर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग तथा उपजिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह ने की। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने सभी से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का भी आग्रह किया। बैठक के उपरांत क्षेत्राधिकारी और एसडीएम ने थाना रिजोर क्षेत्र से गुजरने वाले कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस सहायता केंद्र, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा मार्ग पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस लगातार निगरानी रखेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।












