एटा में प्रशासनिक आदेशों की उड़ाई जा रही धज्जियां – बिना हेलमेट बिक रहा पेट्रोल
संवाददाता योगेंद्र सिंह एटा। जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं”। हर फिलिंग स्टेशन पर चेतावनी के बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करें और दुर्घटनाओं से बच सकें।
लेकिन एटा शहर के आगरा रोड स्थित कपूर फिलिंग स्टेशन पर यह चेतावनी केवल कागज़ों में ही सिमटकर रह गई है। यहां खुलेआम बिना हेलमेट लगाए बाइक सवारों को पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। न तो पंप संचालक प्रशासन की गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं और न ही पंप कर्मचारी रोक-टोक कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब खुद प्रशासन द्वारा तय किए गए नियमों की अनदेखी इसी तरह होती रहेगी, तो “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” जैसी मुहिम का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। यह सीधा-सीधा सड़क सुरक्षा और आम जनता की जान से खिलवाड़ है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले में कपूर फिलिंग स्टेशन पर कब और कैसी कार्रवाई करता है।
ये भी पढ़ें कुण्डा : सम्पूर्ण समाधान दिवस पर SDM व CO ने सुनी जन समस्याएँ












