अलीगढ़: शादी से पहले पलटी कहानी: दूल्हा सास के साथ हुआ रफूचक्कर

अलीगढ़ से सनसनी: शादी से 9 दिन पहले दूल्हा अपनी होने वाली सास संग फरार, साथ ले गया जेवर-नकदी

अलीगढ़ दैनिक चक्र – उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक अजीबो-गरीब और शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मडराक थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गाँव में एक युवती की शादी से महज 9 दिन पहले उसका होने वाला दूल्हा उसकी माँ के साथ फरार हो गया। इस घटना ने पूरे गाँव में सनसनी फैला दी है।

सूत्रों के अनुसार, युवती की शादी 16 अप्रैल को होनी थी और घर में तैयारियाँ पूरे जोर-शोर से चल रही थीं। लेकिन तभी दूल्हा खरीदारी के बहाने घर से निकला और वापस नहीं लौटा। इसी बीच लड़की की माँ भी गायब हो गई। परिजनों ने जब घर का जायज़ा लिया, तो लाखों रुपये के जेवर और ढाई लाख रुपये नकद भी गायब मिले।

बताया जा रहा है कि दूल्हा और उसकी होने वाली सास के बीच काफी समय से गुप्त संबंध थे। दोनों घंटों फोन पर बात करते थे, और दूल्हे ने महिला को एक स्मार्टफोन भी गिफ्ट किया था – जो उनके संपर्क का मुख्य जरिया बन गया।

लड़की के पिता ने बताया, “हमारी बेटी की शादी की तैयारियाँ पूरी हो चुकी थीं। लेकिन जो हुआ, उससे पूरा परिवार सदमे में है।”

ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर खलबली है। कोई इसे ‘प्यार का पागलपन’ बता रहा है, तो कोई ‘कलयुग का कमाल’। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मडराक थाने के एक अधिकारी ने कहा, “हम दोनों की तलाश में जुटे हैं, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।”

यह घटना न केवल एक परिवार के लिए गहरा सदमा है, बल्कि पूरे इलाके में चर्चा और हैरानी का विषय बन चुकी है।

ये भी पढ़ें अयोध्या: नशे में ड्राइवर ने पुलिस बैरियर तोड़ा: एक की मौत, तीन घायल

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें