जिलाधिकारी श्रीमती मेंघा रूपम के निर्देशानुसार,अवैध खनन के विरुद्ध जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में छापेमारी कर मिट्टी का अवैध खनन एवं परिवहन करते हुए पाए जाने पर 05 जेसीबी मशीनें की गईं जब्त
समवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा
गौतमबुद्धनगर, 20 जून 2026 जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), गौतमबुद्धनगर के निर्देशों के क्रम में जिला खनन अधिकारी गौतमबुद्धनगर उत्कर्ष त्रिपाठी द्वारा आज यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-18 एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन के विरुद्ध औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की गई। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित व्यक्तियों द्वारा खनन कार्य से संबंधित कोई भी वैध अनुमति पत्र अथवा अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जांच में बिना अनुमति प्राप्त किए मिट्टी का अवैध खनन एवं परिवहन किया जाना पाया गया। अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर मौके से 05 जेसीबी मशीनों को कब्जे में लेते हुए थाना दनकौर की अभिरक्षा में जिलाधिकारी के अग्रिम आदेशों तक सुपुर्द किया गया है। मिट्टी के अवैध खनन एवं परिवहन में पकड़े गए वाहनों/मशीनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली, 2021 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। गौतमबुद्धनगर।












