ऑपरेशन जागृति : दून पब्लिक स्कूल में एएसपी श्वेताभ पांडे ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

ऑपरेशन जागृति : दून पब्लिक स्कूल में एएसपी श्वेताभ पांडे ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

रिपोर्ट अमित गुप्ता

एटा। आमजन और छात्र-छात्राओं को सामाजिक, मानसिक व डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एटा पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्री श्वेताभ पांडे ने कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित दून पब्लिक स्कूल में जागरूकता गोष्ठी आयोजित कर छात्र-छात्राओं को एलोपमेंट व साइबर क्राइम जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। गोष्ठी को संबोधित करते हुए एएसपी ने कहा कि किशोरावस्था में भावनाओं में बहकर लिया गया गलत निर्णय शिक्षा, परिवार और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है। उन्होंने एलोपमेंट के मामलों पर चिंता जताते हुए छात्र-छात्राओं से अपील की कि किसी भी मानसिक दबाव या उलझन की स्थिति में माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय अभिभावक से संवाद करें और जल्दबाजी में कोई कदम न उठाएं। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर प्रकाश डालते हुए एएसपी श्वेताभ पांडे ने डिजिटल सुरक्षा के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने में सतर्कता बरतें, अनजान कॉल, लिंक या फ्रेंड रिक्वेस्ट से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत परिजनों या पुलिस को दें। उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए इनका समय पर उपयोग करने की अपील की। एएसपी ने छात्र-छात्राओं को संदेश दिया कि समस्याओं से भागने के बजाय संवाद से समाधान निकालें, समय रहते की गई शिकायत अपराध रोकने में सहायक होती है और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार से ही सुरक्षित भविष्य संभव है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी से सजग, अनुशासित व जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। गोष्ठी के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण व स्टाफ भी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें