लगभग 39,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियाँ प्राधिकरण ने की ध्वस्त

लगभग 39,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियाँ प्राधिकरण ने की ध्वस्त

संवाददाता: पवन सूर्यवंशी मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम याकूतपुर मवी एवं ललितपुर तिबड़ा में बड़े पैमाने पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। उपाध्यक्ष महोदय के अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 07.01.2026 को प्रवर्तन जोन-02 की टीम ने ध्वस्तीकरण अभियान चलाया।

प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पाया गया कि ग्राम याकूतपुर मवी में दिव्य ज्योति कॉलेज के पास, निवाड़ी रोड पर खसरा संख्या-35 में लगभग 17,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग एवं निर्माण कार्य कराया जा रहा था। यह कॉलोनी श्री ईशू नेहरा पुत्र श्री रविन्द्र नेहरा तथा श्री कृष्णपाल, श्री यशवीर उर्फ बाबू, श्री सुखपाल आदि द्वारा विकसित की जा रही थी।

इसी प्रकार ग्राम ललितपुर तिबड़ा में खसरा संख्या-10 व 11 पर लगभग 22,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में श्री विनोद, लोकेन्द्र, ज्ञानेन्द्र कुमार, रूबी, नीतू एवं अरूणा आदि द्वारा अवैध निर्माण एवं मिट्टी भराव का कार्य चल रहा था।

स्थल निरीक्षण के समय संबंधित कॉलोनाइजरों द्वारा किसी भी प्रकार का स्वीकृत तलपट मानचित्र अथवा वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों में बनाई गई सड़कें, बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस तथा अन्य संरचनाओं को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय विकासकर्ताओं द्वारा काफी विरोध भी किया गया, परंतु प्राधिकरण पुलिस बल एवं स्थानीय पुलिस की मदद से स्थिति को नियंत्रित कर अभियान निरंतर जारी रखा गया। सहायक अभियंतागण प्रवर्तन जोन-02 द्वारा मौके पर उपस्थित लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि बिना अनुमति के किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई के समय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर/मेट, स्थानीय पुलिस बल एवं प्राधिकरण पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

ये भी पढ़ें फर्जी डिग्री प्रकरण में सख्त कार्रवाई शिकोहाबाद की जेएस विश्वविद्यालय की मान्यता समाप्त

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें