भैंस को बचाने में ऑटो पलटा, पांच सवारी घायल तीन की हालत गंभीर
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। थाना रिजोर क्षेत्र के अंतर्गत नवोदय विद्यालय के पास रविवार को सवारियों से भरा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ऑटो सवारियां लेकर सकीट से एटा की ओर आ रहा था। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक भैंस आ गई। चालक ने भैंस को बचाने की कोशिश की, लेकिन ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना रिजोर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। तीन गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य सवारियों को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भेजा गया।
पुलिस ने वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया और घटना की जांच शुरू कर दी है।












