कॉम्बाइन की टक्कर से किशोरी की मौत, चालक गिरफ्तार
संवाददाता – पंकज मिश्रा, मैनपुरी
मैनपुरी। घिरौर क्षेत्र के कोसमा चौराहा पर बीते दिन सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सड़क पार कर रही एक किशोरी को तेज रफ्तार कॉम्बाइन मशीन ने टक्कर मार दी। हादसे में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजन तत्काल इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए। उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है, जो इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) की छात्रा बताई जा रही है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने कॉम्बाइन चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।












