रामनगरी अयोध्या में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
स्टेट संवाददाता विष्णु रावत. अयोध्या सावन के पवित्र महीने का पहला सोमवार आज बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रामनगरी अयोध्या में भक्तिभाव का अद्भुत नज़ारा देखने को मिल रहा है। सुबह 4:00 बजे से ही श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान कर भगवान शिव को जल अर्पित करने के लिए नागेश्वर नाथ मंदिर पहुंच रहे हैं।
यह मंदिर भगवान राम के पुत्र कुश द्वारा स्थापित माना जाता है, और सावन के पहले सोमवार को यहां विशेष महत्त्व दिया जाता है। मंदिर में जलाभिषेक का दौर लगातार जारी है। श्रद्धालु ‘हर-हर बम-बम’ के जयकारों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं। मंदिर के गर्भगृह की क्षमता के अनुसार ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। एक ओर से श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर से उन्हें बाहर निकाला जा रहा है, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
सावन के पहले सोमवार पर अयोध्या एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और शिव प्रेम में डूबी नजर आ रही है।
ये भी पढ़ें सावन के पहले सोमवार पर एटा के कैलाश मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब












