बरेली: 118 करोड़ के फर्जी GST कारोबार का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
मंडल संवाददाता अमित चौहान बरेली में साइबर क्राइम थाना पुलिस और एसआईटी ने करीब 118 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी कारोबार का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेंद्र शर्मा और उसके साथी टिम्पू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2017-18 से संगठित गिरोह के साथ मिलकर सैकड़ों फर्जी फर्में बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) फ्रॉड को अंजाम दे रहे थे। जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी GST बिल, ई-वे बिल, म्यूल बैंक खातों और सर्कुलर ट्रेडिंग के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन में शामिल था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गोल्ड इनवॉइस, GST बिल, फर्जी फर्मों के दस्तावेज, बैंक स्टेटमेंट, फर्जी रेंट एग्रीमेंट और पार्टनरशिप डीड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में पिछले चार महीनों के रिकॉर्ड में करीब एक दर्जन फर्जी फर्मों के जरिए 118 करोड़ रुपये का फर्जी टर्नओवर सामने आया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह हवाला कारोबारियों, डिजिटल वॉलेट और बड़े सर्राफा कारोबारियों के माध्यम से नकदी का लेन-देन करता था।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना बरेली में मुकदमा दर्ज है। एसएसपी ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। मामले की जांच जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें आगरा में खुरपका-मुँहपका रोग नियंत्रण हेतु 45 दिवसीय निशुल्क टीकाकरण अभियान शुरू












