मौत के बाद जमीन का बैनामा: एटा में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, जांच में जुटी पुलिस
संवादाता अमन अहमद।
एटा जनपद में जमीन से जुड़ा एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक मृत व्यक्ति की जमीन का बैनामा उसकी मौत के लगभग दो साल बाद कर दिया गया। मामला जैथरा क्षेत्र के रसीदपुर गांव का है, जहां निवासी सूरजपाल का निधन 18 जनवरी 2023 को हो चुका था। इसके बावजूद 21 दिसंबर 2024 को उनकी जमीन का बैनामा दो व्यक्तियों—मैनपुरी निवासी नितेश प्रताप सिंह और पंकज सिंह चौहान—के नाम कर दिया गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब दोनों कथित खरीदार अपने साथियों के साथ खेत पर पहुंचे और जमीन पर अपना दावा जताते हुए खड़ी गेहूं की फसल काटने लगे। यह देख मृतक की पत्नी कृष्णा देवी और उनके बेटे स्तब्ध रह गए। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति बन गई। पीड़िता कृष्णा देवी ने अपने बेटों के साथ अलीगंज सीओ कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सीओ राजेश कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अब दस्तावेजों की जांच कर पूरे फर्जीवाड़े की परतें खोलने में जुटी है।












