एटा में तंबाकू फर्म पर GST की बड़ी कार्रवाई, अलीगंज में गोदाम पर छापेमारी
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जनपद के अलीगंज क्षेत्र में कर चोरी की आशंका को लेकर जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तंबाकू फर्म पर छापेमारी की है। अलीगढ़ जोन की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (SIB) की टीम ने नगला पड़ाव स्थित ओमप्रकाश सुनील कुमार तंबाकू डीलर के गोदाम पर दबिश दी। इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बन गया। यह छापेमारी डिप्टी कमिश्नर SIB मनीष शर्मा के नेतृत्व में की जा रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर फर्म से संबंधित दस्तावेजों, बिलिंग रिकॉर्ड और स्टॉक रजिस्टर की गहन जांच शुरू कर दी है। साथ ही गोदाम में रखे तंबाकू के भंडारण का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि वास्तविक स्टॉक और कागजी रिकॉर्ड के बीच अंतर का पता लगाया जा सके। असिस्टेंट कमिश्नर SIB अलीगढ़ अभिषेक सिंह ने बताया कि विभाग को कर चोरी से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान राज्य कर अधिकारी चरणजीत सिंह, राधेश्याम, योगेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। फिलहाल जांच जारी है और विभाग हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रहा है।












