गाजियाबाद पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में अंतर्राज्यीय स्नैचर गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
पवन सूर्यवंशी, ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद के थाना शालीमार गार्डन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान अंतर्राज्यीय स्नैचर गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 को थाना शालीमार गार्डन पुलिस टीम डीएवी कट के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वजीराबाद रोड की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने लगे और खेतान स्कूल ग्राउंड के पीछे प्रेम गली की तरफ मुड़ गए। भागने के दौरान बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। तभी पीछे बैठे बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगा, जिसे पुलिस ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान वरुण उर्फ शेरू उर्फ गिरगिट पुत्र सुरेन्द्र कुमार निवासी सेक्टर-12 सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान मोहम्मद आमिर उर्फ खन्ना पुत्र मोहम्मद कमरूद्दीन निवासी न्यू मुस्तफाबाद, दिल्ली के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक पीली धातु का लोकेटनुमा पेंडेंट बरामद किया है। बरामद पेंडेंट शालीमार गार्डन क्षेत्र में महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कार से जाकर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। पहले किसी इलाके में बाइक चोरी करते, फिर हेलमेट पहनकर महिलाओं से चैन और कुंडल छीनते थे। वारदात के बाद कपड़े बदल लेते थे ताकि पहचान छुपी रहे। आरोपियों ने यह भी कबूला कि 23 अप्रैल 2026 को भाटी चौक गणेशपुरी के पास एक महिला से चेन छीनने का प्रयास किया था, जिसमें लोकेटनुमा पेंडेंट उनके हाथ लग गया था। दोनों आरोपियों पर दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।












