सई नदी में डूबे दो सगे भाइयों समेत तीन किशोरों के शव बरामद, 24 घंटे बाद पूरा हुआ रेस्क्यू अभियान।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।नगर कोतवाली क्षेत्र के खीरीबीर घाट स्थित सई नदी में रविवार को डूबे तीन किशोरों के शव सोमवार सुबह बरामद कर लिए गए। करीब 24 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ, नगर कोतवाली पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने अंतिम दो शव भी नदी से बाहर निकाले। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन किशोरों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।मृतकों की पहचान अनुराग सोनी (15), कृष्ण कुमार सोनी (13) और उनके फुफेरे भाई अमित सोनी (16) के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों रविवार सुबह बारिश के दौरान स्कूटी से खीरीबीर पुल के पास सई नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय वे पुल के पिलरों के पास बने गहरे गड्ढे में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए।सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। रविवार शाम एक किशोर का शव बरामद हुआ था, जबकि सोमवार सुबह शेष दोनों शव भी निकाल लिए गए। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में उफनाई नदियों और पुलों के आसपास बने गहरे गड्ढों में नहाने के खतरे को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें मत्स्य विभाग की राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं में मत्स्य पालक 31 जुलाई तक कर सकते है ऑनलाइन आवेदन












