कांवड़ लेकर लौट रहे देवर-भाभी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, दो घायल
संवाददाता :पंकज मिश्रा
मैनपुरी। पांचालघाट से कांवड़ लेकर वापस लौट रहे मैनपुरी के खाकेताल निवासी देवर-भाभी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों हाईवे पर गिर पड़े और इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार खाकेताल निवासी गिरजा देवी (30) अपने ममेरे देवर ऋषभ (16) के साथ बाइक से पांचालघाट से कांवड़ लेकर लौट रही थीं। रास्ते में सामने से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गिरजा देवी और ऋषभ सड़क पर जा गिरे। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक की चपेट में दोनों आ गए। हादसा इतना भीषण था कि गिरजा देवी और ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार गिरजा देवी की ननद पायल (15) और सागर (16) भी हादसे में घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।












