अभियोजन कार्यों में तेजी लाकर अपराधियों को दिलाई जाए सख्त सजा, स्कूलों के आसपास नशे की बिक्री पर रहे विशेष नजर

अभियोजन कार्यों में तेजी लाकर अपराधियों को दिलाई जाए सख्त सजा, स्कूलों के आसपास नशे की बिक्री पर रहे विशेष नजर

संवाददाता योगेन्द्र सिंह  एटा, जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों एवं नारकोटिक्स नियंत्रण संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित अभियोजन प्रकरणों, पोक्सो एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट के मामलों तथा मादक पदार्थों की रोकथाम की स्थिति पर गहन समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में दोषियों को समयबद्ध एवं कठोर सजा दिलाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियोजन कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विवेचना के दौरान मजबूत एवं अकाट्य साक्ष्य एकत्र कर न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधियों को शीघ्र और कठोर दंड मिल सके।

बैठक में पोक्सो एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामलों की विशेष समीक्षा की गई। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पुलिस और अभियोजन विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा दोषियों को कठोर सजा दिलाने के लिए मजबूत पैरवी सुनिश्चित की जाए।

नारकोटिक्स नियंत्रण अभियान की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों के आसपास मादक पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाएं और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जनपद में कहीं भी अवैध रूप से अफीम, गांजा, भांग या अन्य मादक पदार्थों की खेती पाए जाने की सूचना मिले तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके लिए राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभाग संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान संचालित करें।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अपराध एवं नशे के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाते हुए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में सुरक्षित, स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण स्थापित किया जा सके।

 

ये भी पढ़ें भीषण गर्मी को लेकर डीएम अभिषेक पाण्डेय सख्त

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें