विकास कार्यों में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

विकास कार्यों में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

प्रतापगढ़। जिले में सांसद निधि, विधायक निधि और पूर्वांचल विकास निधि से संचालित विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित परियोजनाओं पर गहरी नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं को फटकार लगाई और नवंबर 2026 तक सभी स्वीकृत कार्य हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सीडीओ ने भयहरणनाथ धाम कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए दो दिनों के भीतर भूमि का सीमांकन कराने तथा 15 दिनों में भूमि विवाद का निस्तारण कर सांसद निधि के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

विधायक निधि के अधूरे कार्यों पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, यूपी सिडको और यूपीएसआईसी के अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि निविदा प्रक्रिया में अनावश्यक देरी अब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ विकास कार्य पूर्ण करें, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।

इसके अलावा जिले में स्थापित हाईमास्ट लाइटों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा खराब पड़ी लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

सीडीओ ने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं होगी तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य ही प्राथमिकता है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें