मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शिवगढ़ में हुआ सजीव प्रसारण, पूर्व विधायक धीरज ओझा ने वितरित किए कार्ड
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़। विकासखंड शिवगढ़ के ब्लॉक सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में रानीगंज के पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि शिवगढ़ ब्लॉक प्रमुख सत्यम ओझा विशिष्ट अतिथि रहे।
इस अवसर पर पात्र शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। मुख्य अतिथि अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी संजय नारायण झा ने की। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी बाबा बेलखरनाथ धाम ब्रजेंद्र स्वरूप निगम, खंड शिक्षा अधिकारी शिवगढ़ शुभम कुमार, क्षेत्र के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक पात्र शिक्षकों को योजना का लाभ दिलाने के संकल्प के साथ हुआ।
ये भी पढ़ें बंद मकान में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार












