जिले को आज 868.17 करोड़ की सौगात देंगे मु्ख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी – 33 परियोजनाओं का लोकार्पण करने के साथ ही सीएम 57 परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास-
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में 1096 प्रधानमंत्री आवासों का भी करेंगे लोकार्पण- मुरादनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे सीएम 16 जुलाई 2026 गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार को जिले की जनता के लिए विकास के नए द्वार खोलने जा रहे हैं। मोदीनगर और मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री कुल 868.17 करोड़ रूपये की लागत वाली 90 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुरादनगर के तेजपाल त्यागी कुशलपाल त्यागी मेमोरियल कॉलेज में वह जनसभा को संबोधित करने के साथ ही 57 नए विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। जिस पर 685.14 करोड़ रूपये की धनराशि खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस दौरे से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, आवासीय सुविधा, सड़क निर्माण आदि क्षेत्रों में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ शाम 4 बजे मुरादनगर के रावली सोहाना मार्ग पर स्थित तेजपाल त्यागी कुशलपाल त्यागी मेमोरियल कॉलेज में जनसभा को संबोधित करने के दौरान गृह विभाग, शिक्षा विभाग, डूडा, पीडब्ल्यूडी, पंचायती राज विभाग, आवास शहरी विकास नियोजन विभाग की कुल 57 नवीन परियोजनाओ का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं के माध्यम से पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन में 807 लाख की लागत से निर्माण कार्य होगा। इसके साथ ही पुलिस लाइन में 1627 लाख से ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। नगर निगम की 9 परियोजनाओं पर कुल 1734 लाख रूपये खर्च किए जाएंगे। मुरादनगर के भदौली में 147 लाख रूपये की लागत से नवीन हाईस्कूल भवन का निर्माण कराया जाएगा। मुरादनगर क्षेत्र के लोगों का आसान होगा आवागमन मुरादनगर क्षेत्र के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करने के लिए मतौर-डोलचा सीमा के बीच और भदौली के निकट हिण्डन नदी पर दो लेन सेतु पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। जिस पर 4802 लाख रूपये की धनराशि योगी सरकार के द्वारा खर्च की जाएगी। जीडीए को मिलेंगे 505 करोड़ रूपये गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की 19 परियोजनाओं का भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं पर 505 करोड़ रूपये की धनराशि खर्च की जाएगी। इसी धनराशि में से हापुड़ चुंगी चौराहे पर 125 करोड़ रूपये की लागत से फलाई ओवर बनाया जाएगा। इसके निर्माण से वहां लगने वाले जाम से जनता को मुक्ति मिलेगी वहीं समय और धन की भी बचत होगी। 1096 प्रधानमंत्री आवासों का होगा लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में आज 1096 आवासों का भी लोकार्पण करेंगे। इनमें 856 आवास मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में और 240 आवास निवाड़ी में बनाए गए हैं। जनसभा में दस हजार से अधिक लोग पहुंचेंगे मुरादनगर के तेजपाल त्यागी कुशलपाल त्यागी मेमोरियल कॉलेज के मैदान पर होने वाली रैली में दस हजार से अधिक लोग मुख्यमंत्री को सुनने पहंुंचेंगे। देर शाम तक विशाल पंडाल को तैयार करने के लिए सैंकड़ों श्रमिक लगे हुए थे। उधर डीएम रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ भी सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, पार्किंग, बैरिकेडिंग, चिकित्सा आदि व्यवस्थाओं की तैयारियों को परखा।












