नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
पवन सूर्यवंशी, ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर ठगी और फर्जी कॉल सेंटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-63 थाना क्षेत्र से एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर देशभर के व्यापारियों और उद्यमियों से ऑनलाइन मार्केटिंग तथा खरीदार उपलब्ध कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई की जानकारी एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर-63 पुलिस ने शिकायत की जांच के दौरान फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा करते हुए कंपनी संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणबीर सिंह (48 वर्ष), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद, ललित कुमार (25 वर्ष), निवासी हिंडन विहार, नोएडा, तथा ज्योति (33 वर्ष), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देश के विभिन्न राज्यों के व्यापारियों और उद्यमियों को फोन कर ऑनलाइन मार्केटिंग, खरीदार उपलब्ध कराने तथा फर्जी प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) देने का झांसा देकर ठगी करते थे। इसी उद्देश्य से सेक्टर-63 स्थित ए-135 भवन में फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था।बरामदगी:(39 स्मार्ट मोबाइल फोन 9 कीपैड मोबाइल फोन 10 लैपटॉप 36 सीपीयू 32 सिम कार्ड,विभिन्न टैक्स इनवॉइस एवं अन्य दस्तावेज) इस संबंध में थाना सेक्टर-63, नोएडा में मु0अ0सं0 303/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।












