हाथरस में बच्चों के झगड़े ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर पथराव, इलाके में मची अफरातफरी
संवाददाता – अश्वनी कुमार

हाथरस के कोतवाली सदर क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला लाला का नगला में गुरुवार को बच्चों के आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया। ईंट-पत्थर चलने से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पथराव के कारण काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू की और दोनों पक्षों के कुछ लोगों से पूछताछ की। इस दौरान एक-दूसरे पर मारपीट और पथराव के आरोप लगाए गए।
घटना के समय मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस का कहना है कि वीडियो और तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।












