एटा के जवाहर तापीय प्लांट के स्क्रैप यार्ड में भीषण आग, CISF और दमकल टीम ने डेढ़ घंटे में पाया काबू

एटा के जवाहर तापीय प्लांट के स्क्रैप यार्ड में भीषण आग, CISF और दमकल टीम ने डेढ़ घंटे में पाया काबू

संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार

एटा स्थित जवाहर तापीय परियोजना में कार्यदायी संस्था के रूप में कार्यरत एक कोरियाई कंपनी के स्क्रैप यार्ड में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 500 मीटर से अधिक क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के करीब एक दर्जन जवान मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने पावर प्लांट में मौजूद दो फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया। वहीं सूचना पर अग्निशमन विभाग और मलावन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों और CISF जवानों की तत्परता के चलते आग को प्लांट के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि स्क्रैप यार्ड में रखी सामग्री जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे स्क्रैप यार्ड में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। घटना के दौरान कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। मलावन थाना प्रभारी आर.के. सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। वहीं CISF की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें