जनपद की तीनों तहसीलों में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस  जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत

जनपद की तीनों तहसीलों में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस  जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत

संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा, 05 जनवरी 2026 (सू0वि0)।
शासन की मंशानुसार माह के प्रथम शनिवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण आज सोमवार को जनपद की तीनों तहसीलों—एटा सदर, अलीगंज एवं जलेसर—में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील एटा सदर में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने स्वयं जनसमस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या समस्याओं की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता का संतोषजनक निस्तारण आवश्यक है तथा शासन स्तर से शिकायतों का निरंतर फीडबैक लिया जा रहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी प्रार्थनापत्र निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित न रहे। लेखपाल, बीट सिपाही एवं पंचायत सचिव नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करें। दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने शीत ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगरीय निकायों एवं तहसीलों में संचालित रैन बसेरों व अलाव स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, आपदा प्रबंधन विभाग एवं तहसील स्तरीय कार्मिकों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में कोई भी व्यक्ति शीतलहर से प्रभावित न हो।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना (नेडा विभाग के माध्यम से संचालित) से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने, बिजली बिल में राहत प्रदान करने तथा सब्सिडी का लाभ उपलब्ध कराने में सहायक है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस – शिकायतों का विवरण:
तहसील एटा सदर: कुल 12 शिकायतें प्राप्त, 03 का मौके पर निस्तारण। तहसील अलीगंज: एडीएम (वि0रा0) लालता प्रसाद शाक्य ने एसडीएम जगमोहन गुप्ता व अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में जनसमस्याएं सुनीं, कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं।
तहसील जलेसर: मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने एसडीएम भावना विमल सहित अन्य अधिकारियों के साथ जनसमस्याएं सुनीं, कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम सदर विपिन कुमार मोरल, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राममोहन तिवारी, नायब तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें