एटा में नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

एटा में नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

संवादाता अमन अहमद।

एटा, सोमवार। नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए महामहिम राष्ट्रपति के नाम अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी और लगातार हो रही अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष चंद्रकांत चक (गांधी) तथा पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष ठाकुर अनिल सोलंकी के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन देकर प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। नेताओं का कहना था कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के मनोबल को तोड़ रही हैं और मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्र सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों से सामने आ रही घटनाओं के बावजूद दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में असंतोष बढ़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की समीक्षा, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों की सुरक्षा तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रही तो पार्टी छात्र-युवाओं के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। इस दौरान कई कांग्रेस पदाधिकारी, अधिवक्ता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें