प्रतापगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन: पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर निकाला मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रतापगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन: पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर निकाला मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

जिला संवाददाता अमित शुक्ला

प्रतापगढ़। पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से कंपनी बाग तक पैदल मार्च निकाला और नायब तहसीलदार के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं कठोर जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार तथा छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की गई। साथ ही जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि कार्यक्रम पहले से घोषित होने के बावजूद उन्हें लगभग 14 घंटे तक उनके आवास पर हाउस अरेस्ट रखा गया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मार्च में शामिल होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम शंकर द्विवेदी एवं नगर अध्यक्ष मो. इस्तियाक ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए।

जिला प्रवक्ता मासूम हैदर एवं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शुभम मिश्रा ने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।

इस दौरान राम लवट यादव, महेंद्र शुक्ला, राम शिरोमणि वर्मा, अंजली उपाध्याय, रवि भूषण सिन्हा, हरिश्चंद्र सरोज, सरोज कश्यप, अशोक सिंह, रविंद्र मिश्रा, रियाज सुल्तान, आशिक अली, कपिल ओझा, पृथ्वीराज गौतम, विवेक पाण्डेय, मोहम्मद चरण सिंह यादव, सुरेश कुमार सरोज, राजू खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें