कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, सात श्रद्धालु घायल
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा। कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार देर रात एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र में हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोरों गंगा घाट से जल लेने जा रहे कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में सात कांवड़िये घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र स्थित किशनपुर गांव के 15 से 20 कांवड़िये ट्रैक्टर-ट्रॉली से सोरों गंगा घाट जल लेने जा रहे थे। देर रात एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र के हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में सवार कांवड़ियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान रागिनी, निशा, गीतम, सत्यपाल, रघुवीर, संध्या और मुस्कान के रूप में हुई है। सभी घायल मैनपुरी के किशनपुर गांव के निवासी बताए गए हैं। चिकित्सकों ने सत्यपाल की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।












