मेडिकल कॉलेज में बाइक चोरी की कोशिश नाकाम, सतर्क युवक ने आरोपी को दौड़ाकर दबोचा।
संवादाता अमन अहमद
एटा। वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज परिसर में देर रात बाइक चोरी का प्रयास उस समय विफल हो गया, जब मरीज के साथ आए एक युवक की सतर्कता से संदिग्ध आरोपी रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आरोपी पहले एक बाइक का लॉक तोड़ने की कोशिश कर रहा था। विरोध होने पर वह दूसरी मोटरसाइकिल लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन युवक ने उसका पीछा कर कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया। बाद में आरोपी को सुरक्षा कर्मियों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जनपद के जसराना थाना क्षेत्र के कादीपुर निवासी श्याम सुंदर अपने एक मरीज के साथ मेडिकल कॉलेज आए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल कॉलेज परिसर के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो कथित रूप से उनकी बाइक का लॉक तोड़ने का प्रयास कर रहा था। श्याम सुंदर के विरोध करने पर आरोपी वहां से भाग निकला और पास में खड़ी दूसरी मोटरसाइकिल लेकर फरार होने की कोशिश करने लगा। श्याम सुंदर ने बिना घबराए आरोपी का पीछा किया और आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्डों को सूचना दी गई, जिन्होंने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को बुलाया। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसका किसी वाहन चोरी गिरोह से संबंध है या नहीं। मामले में साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।












