डीजे पर डांस से भड़का बवाल! नरहौली में बारात बनी रणभूमि, पुलिस पर भी बरसे पत्थर
रिपोर्ट जय भगवान बघेल
मथुरा उत्तर प्रदेश
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के नरहौली गांव में बुधवार रात शादी की खुशियां अचानक हिंसा में बदल गईं। डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि देखते ही देखते पूरा इलाका पत्थरबाजी और मारपीट के अखाड़े में तब्दील हो गया।बताया जा रहा है कि बरसाना क्षेत्र से आई बारात जैसे ही गांव में पहुंची, डीजे और डांस को लेकर दो पक्षों में बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। उपद्रव के दौरान कई बाराती, ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस जब हालात संभालने पहुंची तो उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा और हालात पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ शरारती तत्वों ने घरों और दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जिसके चलते कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त फोर्स तैनात करनी पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और देर रात तक गांव में गश्त जारी रही। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना स्थल मुख्य मार्ग पर होने के कारण पुलिस को कई सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। अब वीडियो खंगालकर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।












