ट्रांसफार्मर चोरी गैंग का पर्दाफाश, दो बदमाश तमंचों और बिना नंबर स्कॉर्पियो समेत गिरफ्तार।
संवाददाता अमन अहमद।
एटा। जनपद एटा की थाना कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान ट्रांसफार्मर से कॉपर, तेल और अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नगदी, चोरी में प्रयुक्त उपकरण तथा बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार 20/21 मई 2026 की रात थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ककैरा पुल के नीचे खड़ी एक काली स्कॉर्पियो में बैठे दो युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से दो तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, वायर कटर, सब्बल, मोबाइल फोन और 15,200 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन पुत्र राजवीर सिंह यादव निवासी गिरधरपुर थाना दादों जनपद अलीगढ़ तथा रजनेश उर्फ सोनू निवासी दुलीचंदपुर थाना सोरों जनपद कासगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एटा शहर की सब्जी मंडी के पास तथा राजकीय आईटीआई परिसर में लगे ट्रांसफार्मरों से कॉपर, तेल और अन्य सामान चोरी करने की घटनाओं को कबूल किया। पुलिस ने बताया कि गिरोह के दो अन्य सदस्य केशव और रामसरन को पहले ही पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।












