हाथरस में नाले से युवक का शव बरामद, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
संवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस जिले के सहपऊ कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब सादाबाद-जलेसर मार्ग पर एक गंदे नाले में करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। यह शव नगला ब्राह्मण और मढ़ाका गांवों के बीच स्थित नाले में देखा गया, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह शव को नाले में पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सहपऊ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई।
सिर और पैरों पर चोट के निशान, हत्या की आशंका गहराई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के सिर और पैरों पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंका गया है, ताकि पहचान और साक्ष्य छिपाए जा सकें।
घटनास्थल से पुलिस को एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन और मृतक के हाथ में बंधी घड़ी भी बरामद हुई है। पुलिस अब इन बरामद सामानों के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
शिनाख्त के प्रयास जारी
पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। संभावना जताई जा रही है कि युवक आसपास के किसी गांव या क्षेत्र का निवासी हो सकता है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीओ बोले – पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति साफ
सीओ अमित पाठक ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
ये भी पढ़ें एटा में पत्नी को साथ ले जाने की जिद में युवक टावर पर चढ़ा, 2 घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा












