भामाशाह की प्रतिमा स्थापना की मांग तेज, मुख्यमंत्री को भेजा गया विस्तृत ज्ञापन
जिला संवादाता काव्यांश रावत एटा। देश के महान दानवीर, राष्ट्रभक्त एवं त्याग की प्रतिमूर्ति भामाशाह की एटा नगर में भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद (रजि.) ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को विस्तृत ज्ञापन भेजा है। संगठन की ओर से प्रतिमा स्थापना से संबंधित समस्त पत्रावली भी शासन को प्रेषित की गई है।
परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि भामाशाह भारतीय इतिहास के ऐसे अमर व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने अपने त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से देश को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष के कठिन समय में अपनी संपूर्ण संपत्ति राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित कर स्वाभिमान की लड़ाई को नई शक्ति प्रदान की थी।
उन्होंने कहा कि एटा नगर वैश्य बाहुल्य क्षेत्र होने के बावजूद अब तक भामाशाह की कोई भव्य प्रतिमा स्थापित नहीं हो सकी है। जबकि नगर में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं और स्मारक मौजूद हैं। भामाशाह केवल वैश्य समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए त्याग, दानशीलता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा स्थापित होने से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी और समाज में राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत होगी।
राजेश गुप्ता ने बताया कि संगठन पिछले दो वर्षों से लगातार इस मांग को शासन और प्रशासन के समक्ष उठाता आ रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे।
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद ने जिलाधिकारी एटा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन की भावनाओं को समझते हुए संपूर्ण पत्रावली के साथ ज्ञापन मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित किया है। परिषद ने विश्वास जताया कि प्रशासन के सहयोग से यह जनभावना जल्द साकार होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में राजेश गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल टिल्लू, अनुज जैन, जितेंद्र माहेश्वरी, गणेश वार्ष्णेय, अवधेश गुप्ता एडवोकेट, विशाल गोयल, रामेश्वरम आनंद गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता डीपीएस, प्रमोद गुप्ता पम्मू समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












