वीडियो बनाने पर ढाबा संचालक को मारी गोली: लखनऊ में सिर में गोली लगने से हालत नाजुक, CCTV से तलाश में जुटी पुलिस

वीडियो बनाने पर ढाबा संचालक को मारी गोली: लखनऊ में सिर में गोली लगने से हालत नाजुक, CCTV से तलाश में जुटी पुलिस

डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान

लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में रविवार शाम दबंगों ने एक ढाबा संचालक के सिर में गोली मार दी। बताया जा रहा है कि घायल युवक ने ढाबे के बाहर सड़क पर झगड़ा कर रहे युवकों का वीडियो बनाया था, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। घायल की पहचान तरहिया सैरपुर निवासी विजय यादव (28) के रूप में हुई है। विजय भिटौली तिराहे के पास यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं। रविवार शाम करीब 5 बजे वह अपने ढाबे पर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। गोली विजय के माथे पर जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही ढाबे और आसपास अफरा-तफरी मच गई। साथी दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत घायल विजय को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

झगड़े का वीडियो बना बना विवाद की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना से कुछ देर पहले विजय के ढाबे के बाहर कुछ युवक आपस में मारपीट और झगड़ा कर रहे थे। विजय ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने आगे बढ़कर वीडियो बनाने से मना किया। इसके बाद युवक वहां से चले गए। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद उन्हीं में से दो युवक बाइक से दोबारा ढाबे पर लौटे और विजय से कहासुनी के बाद गोली मारकर फरार हो गए। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक झगड़ा करते दिखाई दे रहे हैं।
कर्मचारी ने बताई घटना की भयावह तस्वीर ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारी मौसम ने बताया कि वह नहाकर बाहर आया ही था और सीढ़ियों पर खड़ा था, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। नीचे पहुंचने पर देखा कि मालिक विजय यादव खून से लथपथ जमीन पर बेहोश पड़े थे।

मां बोलीं- बेटे की किसी से दुश्मनी नहीं

घटना की जानकारी मिलते ही विजय के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचीं उनकी मां बेटे की हालत देखकर रोने लगीं। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। अस्पताल के बाहर परिजन बदहवास हालत में बैठे रहे।

पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटीं

घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। ढाबे और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। वहीं एडीसीपी नार्थ ट्विंकल जैन ने कहा कि विजय के माथे पर गोली लगी है और उनका इलाज जारी है। CCTV व सर्विलांस की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें