काली नदी किनारे मिला अज्ञात महिला का विच्छिप्त शव, मैनपुरी-एटा सीमा विवाद में घंटों उलझी पुलिस
संवादाता :पंकज मिश्रा
मैनपुरी के बिछवाँ थाना क्षेत्र में काली नदी के तट पर शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का विच्छिप्त शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की हालत बेहद खराब थी और जंगली जानवरों व पानी के जीवों द्वारा नोचे जाने के कारण उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया। घटना मैनपुरी और एटा जनपद की सीमा से जुड़ी होने के कारण पुलिस काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही।
जानकारी के अनुसार, बिछवाँ थाना क्षेत्र के गांव हन्नूखेड़ा के पास बहने वाली काली नदी के दूसरे किनारे, एटा जनपद की ओर नदी में पानी कम होने पर महिला का शव दिखाई दिया। आसपास खेतों की सिंचाई कर रहे किसानों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही बिछवाँ पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में एटा जनपद के थाना जसरथपुर पुलिस को भी अवगत कराया गया। मौके पर पहुंचे जसरथपुर थाना प्रभारी ने शव को उठाने से इनकार करते हुए उसे मैनपुरी सीमा का मामला बताया। इसी बात को लेकर दोनों जनपदों की पुलिस के बीच करीब दो घंटे तक सीमा विवाद चलता रहा। एटा पुलिस शव को मैनपुरी क्षेत्र का बताकर वापस लौट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कानूनगो और लेखपाल ओमवीर सिंह की मौजूदगी में सीमा की नापतौल कराई। जांच और नापतौल के बाद शव मैनपुरी सीमा में पाया गया, जिसके बाद क्षेत्राधिकारी ने मानवता का परिचय देते हुए बिछवाँ पुलिस को शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है और उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के जनपदों से गुमशुदा महिलाओं का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।












