जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों को उपलब्ध करायी मतदाता सूची व बी.एल.ओ. की नियुक्ति सूची
संवाददाता: सायरा सूर्यवंशी, गाजियाबाद। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्तर्गत विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य प्रकाशन के संबंध में आज 06 जनवरी 2026 को जनपद स्तर पर समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि 06.01.2026 को विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। साथ ही विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार नियुक्त बी.एल.ओ. की सूची भी राजनैतिक दलों को उपलब्ध करा दी गयी है, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उक्त आलेख्य मतदाता सूची जनसामान्य के अवलोकन हेतु जनपद गाजियाबाद की आधिकारिक वेबसाइट Ghaziabad.nic.in पर अपलोड कर दी गयी है। इसके अतिरिक्त यह सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय तथा सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों पर भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जिनका नाम इस आलेख्य मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे दावे एवं आपत्ति की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक फार्म-6 के साथ घोषणा-पत्र भरकर संबंधित बी.एल.ओ. को जमा कर सकते हैं। मतदाता आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in एवं ECINET Mobile App के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6, फार्म-7 तथा फार्म-8 भरकर भी आवेदन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी राजनैतिक दलों से आग्रह किया कि वे अपने बी.एल.ए. (बूथ लेवल एजेंट) को सक्रिय कर दें और अर्ह मतदाताओं के पंजीकरण हेतु फार्म-6 भरवाकर संबंधित बी.एल.ओ. अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को समय से उपलब्ध करायें।
आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा हेतु विभिन्न व्यवस्थायें की गयी हैं, जिनमें पदाभिहित स्थलों पर बी.एल.ओ. से सीधे फार्म प्राप्त करना, तहसील कार्यालय/जिला निर्वाचन कार्यालय से फार्म लेना तथा ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना शामिल है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम एफ/आर श्री सौरभ भट्ट, जिला सूचना अधिकारी श्री योगेन्द्र प्रताप सिंह, बसपा से श्री मनोज कुमार, सपा से श्री ताहिर, बीजेपी से श्री सुभाष चन्द्र शर्मा, बी.एल.ए. श्री बलराम सहित अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराया जायेगा।
ये भी पढ़ें आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा अब BIS पोर्टल व आयुष्मान ऐप से बनवा सकते हैं












