क्षेत्रीय विवाद को लेकर किन्नरों का कोतवाली नगर के बाहर जोरदार हंगामा, सड़क पर थमा यातायात
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब क्षेत्रीय विवाद को लेकर किन्नर समाज के दो पक्ष कोतवाली नगर के बाहर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने जमकर हंगामा किया, जिससे कोतवाली के बाहर कुछ देर के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए।
जानकारी के अनुसार, विवाद की सूचना मिलने पर दोनों पक्षों को पहले कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने थाने के भीतर बुलाकर बातचीत की। कोतवाली प्रभारी ने दोनों पक्षों की बात को गंभीरता से सुना और आपसी समझौते के प्रयास किए। बातचीत के बाद विवाद का एक हल भी निकाला गया।
हालांकि, थाने से बाहर निकलते ही दोनों पक्षों के बीच फिर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरोध में ताली बजाकर नाराजगी जाहिर की और जमकर भड़ास निकाली। इस दौरान कोतवाली नगर के बाहर काफी देर तक शोर-शराबा होता रहा।
हंगामे की वजह से कोतवाली के बाहर से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई। सड़क पर जहां-तहां वाहन खड़े हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला कोतवाली नगर क्षेत्र का ही है और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए 3 अभियुकों गिरफ्तार किया गया, कब्जे से चोरी का सामान बरामद












