हथिगवां पुलिस की मुस्तैदी से 9 कछुए बरामद, तस्कर पल्सर बाइक छोड़कर फरार
संवाददाता अमित पांडेय
कुंडा, प्रतापगढ़। हथिगवां थाना पुलिस की सक्रियता से कछुआ तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस की गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि देख तस्कर अपनी पल्सर बाइक मौके पर छोड़कर खेतों की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 9 जिंदा कछुए बरामद किए हैं।
घटना हथिगवां थाना क्षेत्र के कांटी अखैबरपुर गांव के पास की बताई जा रही है। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी संदिग्ध हालात में कुछ लोग दिखाई दिए। पुलिस को अपनी ओर आता देख तस्कर बाइक छोड़कर भाग निकले। तलाशी लेने पर बाइक के पास रखे एक बोरे से 9 जिंदा कछुए बरामद हुए।
सूचना मिलने पर कुंडा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारी आशीष सिंह ने बरामद कछुओं को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग के अनुसार बरामद सभी कछुए “इंडियन सॉफ्ट शेल टर्टल” प्रजाति के हैं, जो वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित श्रेणी में आते हैं।
वन विभाग ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, मौके से बरामद पल्सर बाइक के नंबर के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है।
बताया जाता है कि इंडियन सॉफ्ट शेल कछुए की तस्करी अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांस और दवाओं के लिए की जाती है। हथिगवां पुलिस की इस कार्रवाई से वन्यजीव तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
ये भी पढ़ें बिहार पीसीएस में प्रतापगढ़ के इंजीनियर अभिनव मिश्रा का शानदार प्रदर्शन, डीएसपी पद पर चयन












