बिहार पीसीएस में प्रतापगढ़ के इंजीनियर अभिनव मिश्रा का शानदार प्रदर्शन, डीएसपी पद पर चयन
संवाददाता: सदानंद द्विवेदी प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज क्षेत्र निवासी इंजीनियर अभिनव मिश्रा ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। अभिनव का चयन डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) पद पर हुआ है। उन्होंने पूरे बिहार में 17वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण पैदा किया है।
घर पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
सफलता की सूचना मिलने के बाद जब अभिनव मिश्रा अपने गृह क्षेत्र लालगंज पहुंचे तो क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस उपलब्धि से पूरे लालगंज सहित प्रतापगढ़ जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया और अभिनव को बधाई दी।
माता-पिता के आशीर्वाद और मेहनत को दिया सफलता का श्रेय
अभिनव मिश्रा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद तथा निरंतर कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “मेहनत से कभी मत भागो, सफलता एक दिन जरूर कदम चूमेगी।”
एमएनआईटी इलाहाबाद से की है बीटेक
जानकारी के अनुसार, अभिनव मिश्रा ने मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी), इलाहाबाद से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की और कठिन परिश्रम एवं लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
अभिनव मिश्रा की इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया है। क्षेत्रवासी उनकी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।












