सहारनपुर में डंपर की टक्कर से बुजुर्ग की मौतः पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, ग्रामीण बोले- भारी वाहनों की तेज रफ्तार जानलेवा
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
सहारनपुर। थाना देवबंद क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।हादसे के बाद ग्रामीणों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार थाना देवबंद क्षेत्र के सांपला रोड स्थित फुलास अकबरपुर गांव निवासी कामिल पुत्र फय्याज सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान हसनैन गौड़ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल कामिल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही फुलास अकबरपुर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर डंपर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।












