35 दिन में उजड़ा सुहाग: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने दहेज हत्या का लगाया आरोप।
संवादाता अमन अहमद। एटा जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत शिवसिंहपुर गांव में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मृतका का शव घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला, जिसके गले में रस्सी के निशान पाए गए हैं। मृतका की शादी को अभी महज 35 दिन ही हुए थे, ऐसे में मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या करार देते हुए पति और ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतका लक्ष्मी पुत्री भजनलाल निवासी पीलुआ की शादी 5 नवंबर को शिवसिंहपुर गांव निवासी जगरूप के पुत्र अभिषेक से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शादी में मंडप, टीका, मेहंदी सहित सभी रस्में धूमधाम से निभाई गई थीं। पिता का कहना है कि उन्होंने बेटी की शादी में 10 से 12 लाख रुपये खर्च किए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज में गाड़ी की मांग कर रहा था।
मृतका के पिता भजनलाल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से सास और ससुर बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। कुछ दिन पहले जब वह बेटी से मिलने ससुराल गए थे, तो दामाद ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। शुक्रवार को अचानक बेटी की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से पति, सास और ससुर घर से फरार हैं। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने फांसी लगाकर दी जान













